बेरका गांव के पास हुआ हादसा, बस चालक मौके से फरार, एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
मिशनसच न्यूज, कठूमर। थाना क्षेत्र के ग्राम बेरका के पास एक निजी स्कूल की बस पलटने से पांच बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को कठूमर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बस में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कठूमर स्थित वंदना पब्लिक स्कूल की बस शाम करीब चार बजे बच्चों को लेकर सुंडयाना छोड़ने जा रही थी। बेरका गांव से थोड़ा आगे चालक की लापरवाही से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अवनी पुत्री पापराज जाटव (11), अनुष्का पुत्री मानसिंह जाटव (8), प्रियांशु पुत्र जगनसिंह जाटव (6), अनीष पुत्र बुद्धसिंह जाटव (8) सभी निवासी सुंडयाना तथा सक्षम पुत्र लखन जाटव (7) निवासी रामगढ़ घायल हो गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से कठूमर सीएचसी पहुंचाया गया।
सूचना पर एसडीएम श्यामसुंदर चेतीवाल अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों की कुशलक्षेम जानी। इससे पूर्व दुर्घटना स्थल पर तहसीलदार भानुप्रताप सिंह व कठूमर पुलिस मय जाप्ता मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की सहायता से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। क्रेन की सहायता से बस को सीधा करवाया गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
इधर एसडीएम श्यामसुंदर चेतीवाल ने बताया कि क्षेत्र में संचालित सभी स्कूल बसों की सघन जांच की जाएगी। मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


