जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के बीच कठूमर में कलेक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश, कार्यकर्ताओं ने उठाई समस्याएं
कठूमर। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को कठूमर में आयोजित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने सबसे पहले नगरपालिका परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत नूरपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पट्टा वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
उपखंड कार्यालय पहुंचने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला को अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने सेवा संबंधी मुद्दों और अन्य समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया।
जिला कलेक्टर ने ज्ञापन प्राप्त कर कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सभी मांगों एवं बिंदुओं पर नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल, तहसीलदार भानुप्रताप सिंह, विकास अधिकारी शिवराम मीना, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी विक्रांत शर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी बंटी वालोटिया, डॉ. जवाहर सिंह सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


