छापेमारी के बाद चुप्पी बरकरार, आबकारी अधिकारियों की खामोशी से उठे सवाल
अलवर। अलवर शहर में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। जानकारी के अनुसार विभाग ने देर रात शहर के तीन बीयर बारों पर छापेमारी कर जांच-पड़ताल की, लेकिन कार्रवाई के बाद विभाग के जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। अधिकारियों की चुप्पी से कार्रवाई की पारदर्शिता और उसके परिणामों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में आबकारी कमिश्नर अलवर दौरे पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में संचालित बीयर बारों एवं शराब कारोबार की स्थिति की समीक्षा की थी। बताया जा रहा है कि कमिश्नर ने बिना वैध लाइसेंस अथवा नियमों के विपरीत संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इन्हीं निर्देशों के बाद आबकारी विभाग सक्रिय हुआ और देर रात शहर के तीन बीयर बारों पर दबिश देकर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों की जांच के साथ अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं भी अपनाई गईं।
हालांकि अब तक विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई के दौरान कौन-कौन सी अनियमितताएं सामने आईं, कितनी मात्रा में जब्ती की गई, किन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई तथा आगे क्या कार्रवाई प्रस्तावित है। मीडिया द्वारा जानकारी लेने के प्रयासों के बावजूद विभागीय अधिकारी अधिकृत रूप से कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
शहर में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि यदि कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से की गई है तो विभाग को इसकी जानकारी सार्वजनिक करने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए। अधिकारियों की खामोशी से यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर कार्रवाई के पीछे क्या तथ्य हैं और विभाग उन्हें सार्वजनिक करने से क्यों बच रहा है।
फिलहाल आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से शहर के बीयर बार संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं विभाग की चुप्पी के कारण आमजन और व्यापारिक वर्ग के बीच भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
अब सभी की निगाहें विभाग की अगली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग कार्रवाई से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करेगा और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


