विद्युत करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
थानागाजी। क्षेत्र के समीप स्थित बांदरोल गांव में रविवार सुबह विद्युत करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार बांदरोल निवासी रामस्वरूप पुत्र शिवपाल गुर्जर अपने मकान में मौजूद थे। इसी दौरान मकान में अचानक तेज विद्युत करंट आने से वे उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए विराटनगर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रामस्वरूप को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मालूताना सरपंच श्याम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में स्थित ट्रांसफार्मर में पिछले करीब एक सप्ताह से तकनीकी समस्या बनी हुई थी। बार-बार बिजली के अप-डाउन होने और करंट की शिकायतें सामने आ रही थीं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में विद्युत विभाग को कई बार सूचना दी गई थी, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते समस्या का समाधान कर दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
हादसे के बाद ग्रामीणों में रोष
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


