अलवर/गढ़ी सवाईराम, ।
रैणी थाना क्षेत्र के बिचगांव में करंट हादसे में घायल हुए कावड़ियों और ग्रामीणों का हाल जानने के लिए राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा मंगलवार को गढ़ी सवाईराम अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मंत्री संजय शर्मा ने अस्पताल प्रभारी से सभी मरीजों के इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और चिकित्सकीय टीमें निरंतर निगरानी कर रही हैं।
गौरतलब है कि सावन मास में कावड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं पर बिजली की तारों की चपेट में आने से अचानक करंट फैल गया, जिससे कई लोग झुलस गए थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गढ़ी सवाईराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मंत्री शर्मा ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने अलवर में कांवड़ यात्रा में करंट फैलने से 2 श्रद्धालुओं की मौत एवं 30 से ज्यादा कांवड़ियों के झुलसे जाने के समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है l
ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ की दिवंगत पुण्य आत्माओं को शांति, परिवारजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति और घायल कांवड़ियों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें l
सरकार से मेरा आग्रह है कि घायलों को शीघ्र और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


