25 टीमों ने लिया भाग, प्रतियोगिता में प्यारेलाल बैठेर सीकर बनी विजेता, दीपक हुडा व अनूप कुमार रहे आकर्षण
मिशनसच न्यूज, बानसूर। माननीय कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बानसूर में विशाल कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन श्री बालाजी स्पोर्ट्स एंड एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी बानसूर, जिला कोटपूतली-बहरोड़ द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महंत बाबा बालक नाथ योगी (विधायक तिजारा) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में तेजस्वी सिंह गहलोत (अध्यक्ष राजस्थान कबड्डी संघ) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासिंह चौधरी (बीजेपी जिला अध्यक्ष अलवर उत्तर) ने की।
मुख्य आकर्षण के रूप में अर्जुन अवॉर्डी पूर्व भारतीय कबड्डी टीम कप्तान दीपक हुडा, अर्जुन अवॉर्डी पूर्व कप्तान अनूप कुमार तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सचिन तंवर की उपस्थिति ने प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा किया। कार्यक्रम के संयोजक कृष्ण गुर्जर (कुश्ती कोच) रहे, जबकि मंच संचालन संदीप अग्रवाल द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में कुल 25 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में प्यारेलाल बैठेर सीकर टीम विजेता रही, जबकि वंदे मातरम जयपुर टीम उपविजेता बनी। तृतीय स्थान पर एसएसबी की टीम एवं चतुर्थ स्थान पर सीकर की टीम रही।
प्रथम स्थान प्राप्त टीम को ₹51,000 नकद, ट्रॉफी एवं मोमेंटो प्रदान किए गए। द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को ₹31,000 नकद पुरस्कार दिया गया। तृतीय एवं चतुर्थ स्थान पर रही टीमों को क्रमशः ₹11,000-₹11,000 नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। अंडर-14 वर्ग की दो टीमों को ₹7,000-₹7,000 की नगद पुरस्कृत राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, ऑफिशियल्स एवं वालंटियर्स को टी-शर्ट वितरित की गई तथा सभी अतिथियों को मोमेंटो भेंट किए गए।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक अंतरराष्ट्रीय प्रो कबड्डी कोच कृपा शंकर शर्मा एवं प्रो कबड्डी कोच फूलचंद गुर्जर रहे। स्थानीय बानसूर के अनेक कोचों ने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बानसूर तहसीलदार गजेंद्र सिंह राठौड़ के करकमलों से विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन सफलतापूर्वक खेल भावना और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


