संघ शताब्दी अवसर पर नारी शक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों पर वक्ताओं ने दिया जोर
अलवर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बसंत विहार फैमिली लाइन स्कीम नंबर-3 बस्ती में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन कलश यात्रा एवं विशाल हिंदू सभा के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदू एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान मंदिर जेल चौराहे से निकली भव्य कलश यात्रा एवं ध्वज रैली से हुई, जो डीजे और देशभक्ति नारों के साथ फैमिली लाइन मार्ग से होते हुए श्री नारायण धाम मंदिर तक पहुंची। यात्रा में विद्यार्थी वर्ग, स्वयंसेवक एवं पदाधिकारी ध्वज लेकर शामिल हुए।
मुख्य अतिथि डॉ. सरोज गुप्ता ने अपने संबोधन में नारी शक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी त्याग, दया, ममता, साहस और सरलता की प्रतिमूर्ति है। यदि नारी सशक्त होगी तो राष्ट्र भी सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि एक नारी पूरे परिवार का पालन-पोषण कर सकती है, लेकिन परिवार मिलकर भी उसे पूर्ण संरक्षण नहीं दे पाता।
संत कृष्ण कुमार मिश्रा ने गंगा, गायत्री और गौ माता की रक्षा को संस्कृति संरक्षण का आधार बताते हुए कहा कि संस्कारों का विकास समाज के कल्याण का मार्ग है। उन्होंने नारी को परमात्मा से भी उच्च स्थान देने की बात कही।
मुख्य वक्ता विभाग मुख्य मार्ग प्रमुख एवं पूर्व जिला कार्यवाहक रणजीत सिंह ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में देशभर में लगभग 80 हजार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वयं का बोध और नागरिक कर्तव्यों जैसे पांच प्रमुख परिवर्तनों पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति पूरे विश्व को दिशा देने वाली है और हमारा देश विश्व गुरु बनने की क्षमता रखता है।
मंच पर आयोजन समिति के पदाधिकारी अमर सिंह यादव, मानसिंह नरूका, राजेंद्र कुमार खंडेलवाल सहित विशिष्ट अतिथि राधारमण विजय उपस्थित रहे। इस अवसर पर राम प्रकाश शर्मा, श्यामलाल गुप्ता, दीपचंद गुप्ता, मोहित पंडित, विजेंद्र, विकास कुमार गुप्ता, जगदीश छाबड़ा एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान संस्कार केंद्र की बालिकाओं द्वारा दीप मंत्र के साथ दीप प्रज्ज्वलन एवं “स्त्री हूं” कविता की प्रस्तुति दी गई। राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मारवाड़ी नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। आर्केस्ट्रा द्वारा दैविक गेरा एवं अन्य विशेष प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह का संचार किया।
सम्मेलन के समापन पर संयुक्त परिवार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी अभियान एवं नागरिक कर्तव्यों के क्षेत्र में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। अंत में भारत माता की सामूहिक महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


