अलवर में सम्मान समारोह के साथ कारगिल वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, युवाओं को राष्ट्रसेवा का संदेश
अलवर। सेवा भारती समिति, अलवर के तत्वावधान में रविवार को लोटस गार्डन स्थित ब्राह्मण छात्रावास सभागार में आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कारगिल विजय दिवस” राष्ट्रभक्ति, संस्कार और प्रतिभा सम्मान का प्रेरणादायी संगम बन गया। समारोह में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों एवं खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, दीप मंत्र एवं माँ सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। सेवा भारती के विभिन्न सेवा प्रकल्पों से जुड़े विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं, प्रेरक गीतों एवं भक्ति प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त प्रचारक श्रीवर्धन जी ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक का जीवन राष्ट्रहित के लिए समर्पित होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से संस्कारित, अनुशासित और चरित्रवान जीवन अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल अखिल राज सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और शौर्य को नमन करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रसेवा को जीवन का सर्वोच्च कर्तव्य मानने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश के प्रति समर्पण और अनुशासन ही युवाओं को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल के अमर शहीदों को वृत्तचित्र के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही सेवा भारती समिति द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों एवं समाजोत्थान के कार्यों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को सेवा और समर्पण की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में भामाशाह डॉ. अमित छाबड़ा ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक विकास में समाज के सहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिकाधिक लोगों से सेवा कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों तथा विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 75 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, संस्कार पुस्तिका एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे आत्मविश्वास और उत्साह से खिल उठे।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश तनेजा ने किया। समारोह में सेवा भारती समिति के अध्यक्ष अतुल सिंह, डॉ. घनश्याम सैनी, अशोक आहूजा, राजेन्द्र गुप्ता, मनीष गुप्ता, ममता त्यागी, पायल, रुचि रानी, ताराचंद सैनी सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सेवा भारती समिति के अध्यक्ष अतुल सिंह ने सभी अतिथियों, भामाशाहों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम, सेवा, संस्कार और प्रतिभा सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


