More
    Homeकिशनगढ़बास में दीपावली बाद चलेगा पीला पंजा, अतिक्रमणकारियों को थमाए 7 दिन...

    किशनगढ़बास में दीपावली बाद चलेगा पीला पंजा, अतिक्रमणकारियों को थमाए 7 दिन के नोटिस

    डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक, बिजली घर मोड़ से मोठूका चौक और तोप सर्किल से बासड़ा चौक तक अतिक्रमण हटाने की तैयारी

    किशनगढ़बास। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बिजली घर मोड़ से मोठूका चौक और तोप सर्किल से बासड़ा चौक तक सड़क किनारे तथा अन्य स्थानों पर अतिक्रमण के दायरे में आ रहे आवासीय और व्यावसायिक निर्माणों को चिह्नित कर संबंधित लोगों को सात दिन के नोटिस दिए गए हैं। दीपावली के बाद शहर में फिर से पीला पंजा चलाने की तैयारी है। नोटिस की कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हलचल बढ़ गई है।

    अतिक्रमण हटाने के प्रस्तावित अभियान को लेकर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। इसमें एसडीएम सत्यवीर सिंह यादव, नगर पालिका ईओ पूजा शर्मा सहित अधिवक्ता और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नगर पालिका अधिकारियों ने नोटिस जारी करने की कार्रवाई और दीपावली के बाद प्रस्तावित अभियान की जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के तहत शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।

    पार्किंग व्यवस्था का भी किया अवलोकन

    बैठक के बाद न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी में जिला न्यायालय गेट से पंचायत समिति गेट तक क्षेत्र का अवलोकन किया गया। इस दौरान पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शहर में अतिक्रमण की समस्या को लेकर लंबे समय से कार्रवाई की मांग उठ रही है। डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी भी पिछले कई महीनों से जिला कलेक्टर सहित संबंधित विभागों को पत्र लिखकर समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं।

    नालों पर कब्जे से होती है परेशानी

    शहर में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी होने के साथ नाले-नालियों के अवरुद्ध होने की समस्या भी सामने आती रही है। बारिश के दौरान जलभराव से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। न्यायिक अधिकारी स्वयं शहर का पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। नगर पालिका की ओर से पहले शुरू किए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच में रुकने से कार्रवाई को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब दीपावली के बाद अभियान दोबारा शुरू करने की तैयारी से लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिक गई हैं।

    इन सड़कों पर भी होगी कार्रवाई

    नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, दीपावली के बाद तोप सर्किल से बासड़ा रोड और बिजली घर चौराहे से मोठूका चौक के अलावा गंज रोड, तिजारा रोड, अलवर रोड तथा खैरथल रोड पर भी अतिक्रमण चिह्नित कर नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    इस अभियान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष विश्वास यादव की पहल भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने वार्ड से ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई थी। इससे शहरवासियों में अभियान को लेकर भरोसा बढ़ा है। अब लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन सड़क किनारे और नाले-नालियों पर हुए अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुधारने तथा जलभराव की समस्या दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा। दीपावली के बाद प्रस्तावित अभियान कितना प्रभावी रहता है, इस पर शहरवासियों की नजर रहेगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here