अस्पताल और जिला न्यायालय कोर्ट गेट के बहार से खोखे – रेड़ी ठेले वाले हटाए, तोप सर्किल के पास खोखे नहीं हटाए जाने की रही चर्चा।
किशनगढ़बास। नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को शहर के सबसे व्यस्त इलाके में कार्रवाई की गई। तोप सर्किल से अस्पताल और जिला न्यायालय गेट तक सड़क के दोनों ओर लगे अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। यह वही सड़क है जो पूरे दिन जाम रहती है और आमजन, स्कूली बच्चों व न्यायालय आने-जाने वाले लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है।
नगर पालिका द्वारा गुरुवार शाम को अल्टीमेटम दिए जाने के बाद ही कई ठेली-खोखे वालों ने रात में ही अपना सामान निकाल कर घर ले जाना शुरू कर दिया था, जिससे बड़ी कार्रवाई से पहले ही सड़क काफी हद तक खाली हो गई थी। सुबह से यहां ना तो रेडी ठेली लगी और ना ही खोखो में खुलने वाली दुकानें खुली थी। सुबह से सड़क पर खुलाखुला नजारा दिखाई दिया।
शुक्रवार शाम जैसे ही नगर पालिका के कर्मचारी पुलिस जाप्ता और जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे, सरकारी विद्यालय की दीवार से लेकर पंचायत समिति एवं जिला न्यायालय गेट तक अस्थाई अतिक्रमण कर बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने सड़क किनारे रखे लकड़ी के खोखे और ठेलों को उठाना शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान अस्पताल के पास नाले के ऊपर बैठकर मिट्टी के बर्तन बेचने वाली महिलाओं ने कार्रवाई पर विरोध किया। वहीं अस्पताल गेट के बाहर चाय की थड़ी के बाहर रखे डी-फ्रिज को जब टीम जब्त कर ले जाने लगी, तो फ्रिज मालिक और कई लोग मौके पर आकर खड़े हो गए, जिससे कुछ देर विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
टीम ने पंचायत समिति गेट से जिला न्यायालय गेट तक सभी खोखे हटा दिए और अस्पताल गेट के पास से चाय की थड़ी व बर्तन बेचने वाली महिलाओं के कब्जे खाली कराए। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी गुस्सा दिखा कि तोप सर्किल के पास सरकारी स्कूल की दीवार से सटे पक्के खोखों को क्यों नहीं हटाया गया, जबकि अस्पताल और कोर्ट गेट वाले गरीब ठेले वालों को हटा दिया गया। लोगों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


