किशनगढ़ में विद्यार्थियों ने दिखाया कानूनी कौशल
किशनगढ़बास। स्थानीय किशनगढ़ लॉ कॉलेज में बुधवार को मूट कोर्ट (Moot Court) प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘पकालां नारायण स्वामी बनाम एंपरर’ वाद रहा, जिस पर आधारित काल्पनिक न्यायिक प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने वादी एवं प्रतिवादी पक्ष की भूमिका निभाते हुए अपने कानूनी ज्ञान, तार्किक क्षमता और वकालत कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। सशक्त तर्क-वितर्क, सटीक कानूनी धाराओं के उल्लेख और प्रभावी प्रस्तुतीकरण के आधार पर नीरज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोनिका द्वितीय तथा पूनम तृतीय स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की तैयारी, आत्मविश्वास और विषय की गहन समझ की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किशनगढ़ ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन उमेश कान्त वशिष्ठ उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि मूट कोर्ट जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को वास्तविक न्यायालयीन प्रक्रिया की व्यवहारिक समझ प्रदान करती हैं और उनके व्यक्तित्व व आत्मविश्वास को सुदृढ़ बनाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में ग्रुप के निदेशक डॉ. विक्रम भडाना, कृष्णपाल भड़ाना, सत्यपाल शर्मा, किशनगढ़ गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या ललिता यादव, लॉ कॉलेज से शीला और सुरेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राजीव कुमार ने कुशलतापूर्वक किया।
समापन अवसर पर लॉ कॉलेज की प्राचार्या डॉ. भावना ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों में उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की तथा परिसर के अकादमिक वातावरण को और अधिक सशक्त बनाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


