आईसीयू स्टाफ बोला— महिला के गहने चोरी नहीं हुए, परिजनों ने लगाए थे गलत आरोप
अलवर। राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में बुजुर्ग महिला मरीज के कुंडल चोरी होने का मामला जांच में झूठा सामने आया है। करीब तीन दिन पुराने इस प्रकरण में अब नया खुलासा होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
अस्पताल के आईसीयू वार्ड स्टाफ के अनुसार महिला के कुंडल चोरी होने जैसी कोई घटना नहीं हुई थी, बल्कि परिजनों द्वारा अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए थे।
आईसीयू वार्ड में तैनात स्टाफ सदस्य नरेंद्र ने बताया कि अस्पताल में कुंडल चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग महिला पूरे समय आईसीयू वार्ड में स्टाफ की निगरानी में भर्ती थी और किसी प्रकार की चोरी की घटना सामने नहीं आई।
मामले में नया मोड़ तब आया जब आईसीयू में भर्ती दूसरी महिला एवं उसके परिजनों ने जानकारी दी कि बुजुर्ग महिला के बेटे द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला ने स्वयं भी स्टाफ को अपने बेटे द्वारा दुर्व्यवहार और मारपीट किए जाने की बात बताई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कुंडल चोरी का मामला पूरी तरह निराधार पाया गया है। वहीं अस्पताल कर्मचारियों ने मांग की है कि स्टाफ पर झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


