प्रसूताओं की मौत के मामलों पर एम्स अस्पताल विशेषज्ञों की टीम करेगी जांच, नई एसओपी होगी तैयार
जयपुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मृत्यु के मामलों को गंभीरता से लेते हुए ओम बिरला ने मंगलवार को कोटा के सीएडी सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, अस्पताल अधीक्षकों और चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ पूरे घटनाक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रसूताओं की मृत्यु अत्यंत संवेदनशील मामला है और चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मामले में जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए।
गायत्री राठौड़ सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने बैठक में अब तक की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट की जानकारी दी। लोकसभा अध्यक्ष ने जयपुर से आई जांच टीम द्वारा की गई जांच और उठाए गए कदमों की भी समीक्षा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान तथा अन्य केंद्रीय चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों की टीम जल्द ही कोटा और बूंदी के अस्पतालों का दौरा करेगी। यह टीम ऑपरेशन थिएटर में संक्रमण के कारणों, सर्जरी प्रक्रिया और अस्पतालों की व्यवस्थाओं की गहन जांच करेगी। साथ ही विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर नई एसओपी तैयार की जाएगी।
ओम बिरला ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आमजन का विश्वास बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कोटा संभागीय आयुक्त को निर्देश दिए कि उनकी अध्यक्षता में एक समिति गठित कर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण कराया जाए। समिति अस्पतालों में साफ-सफाई, नर्सिंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, संसाधनों की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सुधार का रोडमैप तैयार करेगी।
बैठक में अस्पतालों की साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने, इमरजेंसी सेवाओं को बेहतर बनाने और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कोटा संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, मेडिकल कॉलेज कोटा के प्राचार्य निलेश जैन, जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक निर्मला शर्मा, एमबीएस अस्पताल अधीक्षक धर्मराज मीणा सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


