उदयपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी कर्मचारी
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने उदयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के वरिष्ठ सहायक शेखर मथुरिया को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डेथ क्लेम पास करवाने और अधिक राशि स्वीकृत कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर को शिकायत मिली थी कि परिवादी की भांजी, जो सरकारी शिक्षिका थीं, की मृत्यु के बाद राज्य बीमा के डेथ क्लेम को पास करने और फाइल में कमियों की पूर्ति कर अधिक क्लेम राशि मंजूर कराने के एवज में आरोपी कर्मचारी द्वारा 7 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी और परिवादी के बीच 1 लाख 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद मंगलवार को एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी को पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर की प्रभारी डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में की गई। ट्रैप कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में संपन्न हुई।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला भी निगरानी में रहीं।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

