सफाई कर्मचारी की बेटी की शादी में पुलिसकर्मियों ने भरा भात
थानागाजी। अक्सर अनुशासन और सख्ती के लिए पहचानी जाने वाली खाकी के पीछे एक संवेदनशील और मानवीय हृदय भी धड़कता है। इसकी एक मिसाल कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में देखने को मिली, जहां पुलिसकर्मियों ने अपने ही थाने के सफाई कर्मचारी की बेटी की शादी में भात भरकर इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश की।
नारायणपुर थाने में कार्यरत सफाई कर्मचारी कैलाश लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जब उनकी बेटी की शादी तय हुई तो आर्थिक तंगी उनके सामने बड़ी चुनौती बनकर सामने आई। जैसे ही यह बात थाना स्टाफ को पता चली, तो सभी पुलिसकर्मियों ने मिलकर उनकी मदद करने का निर्णय लिया।
बानसूर सीओ मेघा गोयल और थानाधिकारी रोहिताश कुमार के नेतृत्व में पूरे थाना स्टाफ ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित की, ताकि अपने सहकर्मी की बेटी की शादी में सहयोग किया जा सके और उसकी विदाई सम्मानपूर्वक हो सके।
थानेदार से सिपाही तक बने ‘मायरेती’
शादी समारोह के दौरान जब पुलिसकर्मी खाकी वर्दी में मायरे की थाल और उपहार लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। पुलिसकर्मियों ने रस्म निभाते हुए 1 लाख 61 हजार रुपये नकद राशि भेंट की। इसके साथ ही घरेलू उपयोग के सामान और कपड़े भी उपहार स्वरूप दिए गए।
नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए पुलिसकर्मियों ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं निभाती, बल्कि समाज के सुख-दुख में भी साथ खड़ी रहती है।
भावुक हुआ परिवार
अपनी बेटी की शादी में पुलिसकर्मियों के इस सहयोग को देखकर कैलाश और उनका परिवार भावुक हो उठा। कैलाश ने नम आंखों से कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि थाने का पूरा स्टाफ उनके परिवार की जिम्मेदारी को अपना मानकर इस तरह साथ देगा।
अधिकारी बोले – कैलाश हमारा परिवार
इस पहल के बारे में बानसूर सीओ मेघा गोयल और थानाधिकारी रोहिताश कुमार ने कहा कि कैलाश केवल कर्मचारी नहीं बल्कि पुलिस परिवार का हिस्सा हैं। एक सहकर्मी के रूप में उनकी खुशियों में शामिल होना पुलिस परिवार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास था कि बेटी की विदाई पूरे सम्मान और खुशी के साथ हो।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


