पंजीयन व लाइसेंस सुविधा एक ही जगह उपलब्ध, छोटे दुकानदारों को मिलेगा तत्काल लाभ
मिशनसच न्यूज, खैरथल-तिजारा। खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस एवं पंजीयन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, जयपुर तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरथल-तिजारा डॉ. अरविंद गेट के निर्देशानुसार जिले में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आगामी सप्ताह जिले के छोटे कस्बों एवं ग्राम पंचायतों में खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन शिविर लगाए जाएंगे, ताकि स्थानीय दुकानदारों, ठेला संचालकों, होटल-ढाबा संचालकों एवं अन्य खाद्य व्यवसायियों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें मौके पर ही सुविधा मिल सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार
6 फरवरी – शर्मा मेडिकल स्टोर के सामने, मुंडावर रोड सोडावास
7 फरवरी – मेन बस स्टैंड बासनी मुंडावर
8 फरवरी – सोनू रसगुल्ला के सामने, बीबी रानी
9 फरवरी – बस स्टैंड कोटकासिम कस्बा
10 फरवरी – मेन स्टैंड बूढ़ी बावल (कोटकासिम)
11 फरवरी – मेन बस स्टैंड खैरथल रोड, कस्बा हरसोली
12 फरवरी 2026 – छोटी धर्मशाला, कस्बा तिजारा
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमन्त यादव ने बताया कि सभी शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने जानकारी दी कि 12 लाख रुपये से कम वार्षिक टर्नओवर वाले खाद्य कारोबारियों को फोटो एवं आधार/पहचान पत्र की प्रति साथ लानी होगी। वहीं 12 लाख रुपये से अधिक टर्नओवर वाले कारोबारियों को जीएसटी पंजीयन, दुकान स्वामित्व प्रमाण पत्र, पैन कार्ड एवं पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
इसके अतिरिक्त निर्माण एवं प्रसंस्करण इकाइयों के लिए उपकरणों की सूची, पानी की जांच रिपोर्ट तथा इकाई के फोटो साथ लाना आवश्यक रहेगा।
विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक खाद्य कारोबारी कानूनी रूप से पंजीकृत होकर सुरक्षित एवं मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


