विकास के तहत सड़क परियोजना से 27 किमी मार्ग होगा सुदृढ़, कई गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
कठूमर। क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत बड़ौदामेव से खेड़ली होते हुए भरतपुर जिले के हलैना तक बनने वाली सड़क परियोजना का 12 अप्रैल को शिलान्यास किया जाएगा।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जवाहर सिंह बेढम उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश खींची करेंगे। पूर्व प्रधान संजय खींची ने बताया कि इस परियोजना के तहत बड़ौदामेव से हलैना रोड को डबल लेन बनाया जाएगा। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है।
27 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार यह सड़क लगभग 27 किलोमीटर लंबी होगी और इसकी चौड़ाई 7 मीटर रखी जाएगी। इसके दोनों ओर 2-2 मीटर की पट्टियां भी विकसित की जाएंगी।
सहायक अभियंता विशाल गोयल एवं कनिष्ठ अभियंता बबलू राम ने बताया कि यह मार्ग बड़ौदामेव से दूसराहेड़ा, ईटेडा, खुडियाना, निभेड़ा होते हुए सोंखरी से खेड़ली तक जाएगा और आगे हलैना तक जुड़ेगा। इससे कठूमर और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
भरतपुर की दूरी होगी कम
इस सड़क के निर्माण से भरतपुर की दूरी करीब 25 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का कार्यादेश बीकानेर की द्वारकादास कंपनी को दिया गया है। साथ ही यह सड़क दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे और पनियाला हाईवे से भी जुड़ेगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।
स्थानीय लोगों ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

