खेडामहमूद में ग्रामीण सेवा शिविर के औचक निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला एवं रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने गुरुवार को गोविंदगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत खेडामहमूद में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और सुविधाओं का फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शिविर में लगी प्रत्येक स्टॉल का निरीक्षण करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक ग्रामीण इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले नागरिकों को सरल, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी परिवेदनाओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाए, जिससे पात्र व्यक्ति समय पर लाभ प्राप्त कर सकें।
रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने भी शिविर में पहुंचकर आमजन से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नागरिकों को उनके गांव के निकट ही सुगम, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी गोविंदगढ़, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


