ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान सहखातेदारी भूमि का मौके पर हुआ बंटवारा, अतर सिंह को मिली राहत
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर जिले में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में पंचायत समिति कठूमर की ग्राम पंचायत अरूवा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में आयोजित शिविर में सहखातेदारी कृषि भूमि का बंटवारा कर लाभार्थी अतर सिंह को बड़ी राहत मिली।
ग्राम कांकरोली निवासी अतर सिंह ने बताया कि उनकी और समय सिंह की कृषि भूमि संयुक्त सहखातेदारी के रूप में दर्ज थी। भूमि संयुक्त खाते में होने के कारण प्रत्येक हिस्सेदार के वास्तविक हिस्से की स्पष्टता अभिलेखों में नहीं हो पा रही थी, जिससे खेती-बाड़ी के संचालन, सीमांकन और भविष्य के राजस्व संबंधी कार्यों में लगातार परेशानी आ रही थी।
उन्होंने बताया कि भूमि के विधिवत बंटवारे के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन प्रक्रिया की जटिलता, जानकारी के अभाव और समय पर समन्वित कार्रवाई नहीं होने के कारण समाधान नहीं हो सका। ग्रामीण सेवा शिविर में उपखंड अधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने के बाद मामले पर त्वरित कार्रवाई की गई और सहमति के आधार पर भूमि का बंटवारा कर दिया गया।
अतर सिंह ने मौके पर समस्या का समाधान होने पर राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


