अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित। शिकायत निस्तारण, शिक्षा, पेंशन, यूडीआईडी कार्ड व जीआरएएम-2026 शिविरों की तैयारियों पर निर्देश।
मिशनसच न्यूज, खैरथल तिजारा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि सभी शिकायतों का समाधान गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ता परिवारों से फोन पर संवाद कर फीडबैक लेने तथा उसका रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा, 22 पैरामीटर पर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए एडीएम ने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी राजकीय विद्यालयों में निर्धारित 22 पैरामीटर के आधार पर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पालनहार योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य व समाज कल्याण योजनाओं पर फोकस
बैठक में चिकित्सा अधिकारियों को सभी दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाने के निर्देश दिए गए। वहीं समाज कल्याण अधिकारी को सभी पेंशन लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
जीआरएएम-2026 के लिए विशेष शिविरों का आयोजन
बैठक में राज्य स्तरीय जीआरएएम-2026 (Global Rajasthan Agri-Tech Meet-2026) की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक गिरदावर वृत पर एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य अधिकाधिक कृषकों व पशुपालकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
इन शिविरों का शुभारंभ 23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी के अवसर पर होगा। इसके बाद 24, 25, 31 जनवरी तथा 1 एवं 5 से 9 फरवरी 2026 तक कुल दस दिनों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में कृषि, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित सभी विभागों की सहभागिता रहेगी।23 जनवरी को आयोजित प्रथम शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री किसान निधि की डीबीटी प्रक्रिया को एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा।
समन्वय और रिपोर्टिंग के निर्देश
एडीएम ने एलआर प्रभारी को प्रत्येक गिरदावर वृत में शिविरों का कैलेंडर तैयार कर सभी विभागों को तत्काल सूचित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक शिविर के बाद प्रगति रिपोर्ट ई-मेल से जिला कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि सतत निगरानी की जा सके।
बैठक में रहे अधिकारी उपस्थित
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमिवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, पीएचईडी अभियंता धर्मवीर यादव, उपनिदेशक आईटी विभाग वीरेंद्र त्यागी, सहायक निदेशक सहकारिता वेद प्रकाश सैनी, बिजली विभाग के अभियंता दिनेश भड़ाना, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी सहित पुलिस, कृषि, शिक्षा, राजीविका व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


