पीएम श्री राजकीय विद्यालय में पोस्टर विमोचन के साथ शुरुआत, पौष्टिक आहार और सही खान-पान के बताए तरीके
खैरथल। राज्य सरकार के सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत शनिवार को जिला खैरथल-तिजारा में पोस्टर विमोचन एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के दिशा-निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, पौष्टिक एवं स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत 3 से 16 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ थाली, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, पौष्टिक आहार और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। अभियान की शुरुआत पीएम श्री राजकीय विद्यालय, खैरथल से की गई, जहां विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताए स्वस्थ टिफिन के तरीके
खाद्य सुरक्षा विभाग के नोडल अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि अभियान के प्रारंभिक चरण में 3 से 5 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में स्कूल ईट राइट डे के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वस्थ टिफिन तैयार करने, पौष्टिक नाश्ता लेने, श्री अन्न को भोजन में शामिल करने तथा भोजन से पहले और बाद में हाथ धोने के सही तरीके बताए जाएंगे। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित खान-पान को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
विद्यालय की रसोई का किया निरीक्षण
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय की रसोई का निरीक्षण किया। टीम ने रसोई में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पौष्टिक, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन अपनाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्वस्थ खान-पान की आदतें बच्चों के स्वास्थ्य के साथ उनके बेहतर विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरपाल, दानिश गर्ग सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम से मनीष शर्मा, बबीता एवं सुभाष यादव मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


