बम-बम भोले के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं को दी विदाई, शिवभक्ति से गूंजा खैरथल
खैरथल। श्री अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल, खैरथल के तत्वावधान में रविवार को 170 श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर के सामने आयोजित विदाई समारोह में विधिवत पूजा-अर्चना एवं भगवान भोलेनाथ की आराधना के बाद सुबह 10 बजे श्रद्धालुओं को रवाना किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं के परिजनों, नगरवासियों एवं सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने यात्रियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला। बसों के प्रस्थान के समय श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इस वर्ष करीब 500 श्रद्धालु करेंगे यात्रा
श्री अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल के मुख्य सेवादारी मोहन खंडेलवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी खैरथल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा अमरनाथ यात्रा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष लगभग 500 श्रद्धालुओं के यात्रा पर जाने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 170 श्रद्धालु तीन बसों के माध्यम से रवाना हुए हैं, जबकि अन्य श्रद्धालु ट्रेन एवं अन्य साधनों से जम्मू-कश्मीर पहुंचकर पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए विशेष प्रबंध
मोहन खंडेलवाल ने बताया कि सेवा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा अमरनाथ के दर्शन कर सकुशल लौटने की प्रार्थना करते हुए यात्रा पर रवाना हुए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, सेवा मंडल के पदाधिकारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे और सभी ने यात्रियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

