ट्रेन में छूटा बैग तलाशकर रेलवे कर्मचारियों ने किया सुरक्षित, नकदी और कीमती सामान पाकर यात्री के चेहरे पर लौटी खुशी
खैरथल। रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और ईमानदारी की मिसाल सामने आई है। रविवार शाम स्टेशन मास्टर पप्पू राम मीणा की सक्रियता से एक यात्री का करीब एक लाख रुपये नकद और कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित वापस मिल गया। ट्रेन में बैग छूट जाने के बाद परेशान यात्री को जब उसका सामान सुरक्षित मिला तो उसके चेहरे पर खुशी लौट आई। यात्री ने स्टेशन मास्टर सहित सहयोग करने वाले रेलवे कर्मचारियों का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4:30 बजे खैरथल स्टेशन मास्टर पप्पू राम मीणा को अलवर स्टेशन मास्टर के.एल. मीणा का फोन आया। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 20937 पोरबंदर एक्सप्रेस के सामान्य कोच संख्या-3 में एक यात्री का बैग छूट गया है। बैग में करीब एक लाख रुपये नकद के साथ चश्मा, चार्जर, पावर बैंक सहित अन्य सामान रखा हुआ है।
सूचना मिलते ही शुरू कराई बैग की तलाश
सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर पप्पू राम मीणा ने बिना देरी किए पॉइंटमैन दिनेश कुमार और ट्रॉलीमैन हरिओम मीणा की मदद से ट्रेन के खैरथल स्टेशन पहुंचते ही संबंधित कोच में बैग की तलाश शुरू करवा दी।
रेलवे कर्मचारियों ने पूरे कोच में तलाश की। इस दौरान सीट के नीचे एक बैग मिला। बैग खोलकर देखा गया तो उसमें यात्री द्वारा बताए गए सभी सामान मौजूद थे। करीब एक लाख रुपये नकद सहित अन्य सामान सुरक्षित मिलने की जानकारी अलवर स्टेशन मास्टर को भी दे दी गई।
यात्री ने बताई बैग छूटने की पूरी कहानी
इसके बाद यात्री छगनलाल चौधरी पुत्र मीठाराम, निवासी गांव खारा, तहसील आहोर, जिला जालौर, शाम करीब 6:15 बजे गाड़ी संख्या 15013 रानीखेत एक्सप्रेस से खैरथल स्टेशन पहुंचे और स्टेशन मास्टर से संपर्क किया।
छगनलाल ने बताया कि वह अपने साथी तरुण कुमार सुथार के साथ गांव से जयपुर आए थे और वहां से दिल्ली मोबाइल का सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। सामान्य कोच में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने तीन-चार बैग खिड़कियों के बीच लगे हुक पर लटका रखे थे।
अलवर स्टेशन पर उतरते समय भीड़भाड़ के कारण उन्हें अपना बैग दिखाई नहीं दिया। ट्रेन से उतरने के बाद उन्होंने यात्रियों से बैग के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रेन रवाना हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टाफ को इसकी सूचना दी।
नकदी समेत पूरा सामान सुरक्षित मिला
रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से खैरथल स्टेशन पर ट्रेन की जांच के दौरान बैग सीट के नीचे सुरक्षित मिल गया। बैग में रखे करीब एक लाख रुपये नकद, चश्मा, चार्जर, पावर बैंक सहित सभी सामान सही सलामत मिलने पर यात्री ने राहत की सांस ली।
आवश्यक पहचान और पुष्टि की प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्टेशन मास्टर पप्पू राम मीणा ने पूरा सामान यात्री छगनलाल चौधरी के सुपुर्द कर दिया।
रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी की सराहना
बैग वापस मिलने के बाद यात्री छगनलाल चौधरी ने स्टेशन मास्टर पप्पू राम मीणा, पॉइंटमैन दिनेश कुमार और ट्रॉलीमैन हरिओम मीणा का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करीब एक लाख रुपये और जरूरी सामान वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत है।
रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और ईमानदारी की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है। समय रहते सूचना पर कार्रवाई कर रेलवे स्टाफ ने न केवल यात्री का सामान सुरक्षित वापस कराया, बल्कि जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण भी पेश किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


