कठूमर क्षेत्र में पानी सप्लाई जांच के दौरान तीन लीकेज चिन्हित
कठूमर। लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग क्षेत्र में गंदे और मिट्टी युक्त पानी की सप्लाई की शिकायत मिलने के बाद हरकत में आ गया। शिकायतकर्ता सोनू शीतल जैन जलदाय विभाग पहुंचे, जिसके बाद एईएन गिर्राज प्रसाद मीना मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एईएन ने क्षेत्र में पानी सप्लाई व्यवस्था की जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी बोरवेल से भारी मात्रा में मिट्टी युक्त पानी सप्लाई लाइन में जा रहा है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को गंदा पानी मिल रहा है।
जांच के दौरान क्षेत्र में तीन बड़ी लीकेज भी चिन्हित की गईं। एईएन गिर्राज प्रसाद मीना ने तीनों स्थानों के फोटो अपने मोबाइल में दर्ज किए और आश्वासन दिया कि अगले दिन लीकेज की मरम्मत करवा दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिस बोरवेल से मिट्टी मिश्रित पानी आ रहा है, उसकी पहचान कर उसे बंद करवाया जाएगा, ताकि आगामी सप्लाई में समस्या दोबारा न हो।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता भूणीदत्त शर्मा ने लोगों से पानी की स्थिति की स्वयं जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि बाल्टी में कुछ देर पानी रखने पर नीचे बजरी जैसे दानेदार कण बैठ जाते हैं, तो यह नए बोर या सबमर्सिबल से उठ रही मिट्टी का संकेत हो सकता है। दूसरी ओर यदि पानी लगातार गदला बना रहे और नीचे मिट्टी न बैठे, तो यह पाइपलाइन लीकेज या अन्य उपभोक्ताओं की लापरवाही से गंदगी आने का संकेत माना जा सकता है।
पीड़ित सोनू जैन ने कहा कि जो पानी सप्लाई हो रहा है, उसकी स्थिति देखकर यह नहीं लगता कि केवल लीकेज के कारण गंदगी आ रही है, क्योंकि पानी अत्यधिक गदला और बदबूदार है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

