अलवर में गणगौर माता की सवारी के दौरान दिखी आस्था और परंपरा, गॉड ऑफ ऑनर बना आकर्षण
अलवर। शहर में आज गणगौर माता की सवारी बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। सवारी का शुभारंभ छतरी स्थल से हुआ, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद माता की प्रतिमा को सजे-धजे रथ में विराजमान कर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
सवारी के दौरान पूरे मार्ग में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गणगौर माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के संयोजक नरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणगौर माता की सवारी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली जा रही है। सवारी के दौरान माता को गॉड ऑफ ऑनर दिया गया, जो इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
पूरे मार्ग पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सवारी छतरी स्थल से रवाना होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
इस अवसर पर महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई और माता पार्वती के स्वरूप गणगौर की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और सौभाग्य की कामना की।
गौरतलब है कि गणगौर पर्व माता पार्वती का प्रतीक माना जाता है, जो सुहाग, सौभाग्य और खुशहाली का संदेश देता है। इसी मान्यता के चलते बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


