More
    Homeगायत्री नगर में भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण महोत्सव धूमधाम से...

    गायत्री नगर में भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण महोत्सव धूमधाम से मनाया

    महारानी फार्म स्थित दिगंबर जैन मंदिर में दो सत्रों में चढ़ाए निर्वाण लाडू, बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने की सहभागिता

    जयपुर। वर्तमान जैन चौबीसी के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण (मोक्ष) महोत्सव जयपुर महानगर के विभिन्न जिनालयों में सोमवार, 9 नवंबर को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महारानी फार्म स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर, गायत्री नगर में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह के नेतृत्व में दो सत्रों में भगवान महावीर स्वामी के चरणों में निर्वाण लाडू समर्पित किए गए।

    जैन समाज की प्रचार-प्रसार समिति के संयोजक उदयभान जैन बड़जात्या ने बताया कि मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। प्रातः भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा करने के बाद सामूहिक पूजन और निर्वाण कांड का वाचन किया गया। इसके बाद सुबह 7:30 बजे प्रथम सत्र में निर्वाण लाडू समर्पित किए गए। यह सौभाग्य लाजपत-सरोज जैन, डॉ. ललित-कृपा मानस एवं हर्ष जैन रघुविहार परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद सुबह 8:30 बजे द्वितीय सत्र में भी श्रद्धापूर्वक निर्वाण लाडू चढ़ाए गए।

    सभी धार्मिक एवं मांगलिक क्रियाएं विधानाचार्य पंडित अजीत शास्त्री गायत्री नगर के निर्देशन में संपन्न हुईं। इस दौरान जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान महावीर के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।

    मंदिर प्रबंध समिति की ओर से प्रथम अभिषेककर्ता, शांतिधारा एवं निर्वाण लाडू समर्पित करने वाले लाजपत जैन (शिखरजी वाले) परिवार का सम्मान किया गया। सायंकाल मंदिर में सामूहिक आरती एवं दीप अर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

    मंदिर प्रबंध समिति के मंत्री राजेश बोहरा एवं संजय ठोलिया ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here