आचार्य प्रज्ञासागर महाराज के सानिध्य में होगा महासम्मेलन, संपादक शैलेंद्र गोधा को मिलेगा राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार
जयपुर। चाकसू स्थित गोलोक धाम में 29 नवंबर 2026 को देशभर के जैन पत्रकारों, लेखकों और विद्वानों का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। परम पूज्य आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज ससंघ के चातुर्मास सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में वैचारिक गोष्ठी भी आयोजित होगी। इस अवसर पर दैनिक समाचार जगत के संपादक शैलेंद्र गोधा, जयपुर को वर्ष 2026 का राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
चातुर्मास स्थापना से गोलोक धाम में आचार्य श्री के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हो रहे हैं। इसी क्रम में 3 नवंबर को जैन समाज के वैचारिक राष्ट्रीय संगठन जैन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गोलोक धाम पहुंचकर नवनिर्मित गौशाला का अवलोकन किया तथा आचार्य श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शुद्धता का दूसरा नाम सीबा ही क्यों? देखे वीडियो
राजा श्रेणिक को बताया अब तक का सबसे बड़ा पत्रकार
जैन महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के अवसर पर आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज ने संबोधन में कहा कि भगवान महावीर स्वामी के शासनकाल में 60 हजार प्रश्न पूछने वाले राजा श्रेणिक अब तक के सबसे बड़े पत्रकार हुए हैं।
आचार्य श्री ने जैन पत्रकारिता में सत्य, निष्पक्षता और धर्म की विचारधारा को मजबूती देने की आवश्यकता पर विचार रखे। इसी उद्देश्य से श्री महावीर तपोभूमि परिवार उज्जैन की ओर से प्रदान किया जाने वाला राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार इस वर्ष जयपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक समाचार जगत के संपादक शैलेंद्र गोधा को दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में यह पुरस्कार दैनिक विश्व परिवार के संपादक प्रदीप जैन, रायपुर (छत्तीसगढ़) को शिक्षा नगरी कोटा में प्रदान किया गया था।
जयपुर बैठक में महासम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा
महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर जैन पत्रकार महासंघ की कार्यकारिणी एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की बैठक 5 नवंबर को जयपुर स्थित भट्टारक जी की नसिया में आयोजित हुई। वरिष्ठ पत्रकार बलवंत राज मेहता की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन में देशभर के अधिक से अधिक पत्रकार, लेखक और विद्वान शामिल हों।
आयोजन के दौरान वैचारिक गोष्ठी भी रखी जाएगी, जिसमें जैन पत्रकारिता, सत्यनिष्ठ लेखन और समाज के वैचारिक विषयों पर चर्चा होगी।
आयोजन के लिए संयोजक और आयोजक मनोनीत
कार्यक्रम को गति देने के लिए राकेश जैन चपलमन, कोटा को मुख्य संयोजक बनाया गया है। वहीं दीपक गोधा, मनोज जैन और सुरेंद्र कुमार बडजात्या, जयपुर को संयोजक मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम के आयोजकों में चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन बैनेठा वाले, महामंत्री पारस जैन बाकलीवाल निमोडिया वाले, राजीव जैन गाजियाबाद, प्रकाश बाकलीवाल और देवेंद्र बाकलीवाल, जयपुर शामिल हैं।
बैठक में कई पदाधिकारी और पत्रकार रहे मौजूद
बैठक में डॉ. अनिल जैन राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री महेंद्र बैराठी, बलवंत राज मेहता, दीपक गोधा, मनोज जैन, सुरेंद्र कुमार जैन बडजात्या, ज्ञानचंद पाटनी, मनोज सोगानी और मनीष वैद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन उदयभान जैन ने किया। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


