रामगढ़ विधायक ने बाल विवाह मुक्ति रथ को भी दिखाई हरी झंडी, जनसेवा जागरूकता अभियान शुरू
मिशनसच न्यूज, रामगढ़। कस्बा गोविंदगढ़ में शनिवार को जनकल्याण से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुए। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने मानव सेवा समिति द्वारा संचालित वृद्धा आश्रम भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान समिति की ओर से विधायक का साफा व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ आचार्य जगदीश शास्त्री ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। क्षेत्रवासियों ने बताया कि वृद्धाश्रम के निर्माण से असहाय और जरूरतमंद बुजुर्गों को आश्रय व देखभाल की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के बाद विधायक ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित यह रथ यात्रा गांव-गांव जाकर बाल विवाह रोकने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी।
मंच संचालन कैलाश गुरुजी ने किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, मानव सेवा समिति के सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने ऐसे सामाजिक व जनहितकारी प्रयासों की सराहना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


