गौवंश संरक्षण में होगा विशेष योगदान
मिशनसच न्यूज, अलवर। बगड़ तिराहा स्थित श्री दिगम्बर जैन सुधासागर गौशाला में शनिवार को नवनिर्मित गौशेड का भव्य उद्घाटन हुआ। दिगम्बर जैन संत उपाध्याय वृषभानन्द महाराज एवं विज्ञानन्द महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्रभर से भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा परिसर धार्मिक उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। साथ ही पूर्व नि:शक्तजन आयुक्त खिल्लीमल जैन, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, गोपीचंद गुर्जर, नगर परिषद अलवर के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, डॉ. के.के. गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नवनिर्मित गौशेड का उद्घाटन अमेरिका निवासी विजय कुमार जैन और प्रेमलता जैन द्वारा किया गया।
गौशाला समिति के संरक्षक बच्चू सिंह जैन, अध्यक्ष अनिल जैन, कार्यकारिणी सदस्यों एवं प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं—जैसे अशोक जैन (घी वाले) एवं नरेंद्र जैन (पीडब्ल्यूडी)—ने अतिथियों का स्वागत किया और गौशाला के विकास कार्यों की जानकारी दी।
जैन संतों का संदेश : “गाय हमारी संस्कृति और मानवता की शाश्वत पहचान”
संत उपाध्याय वृषभानन्द महाराज और विज्ञानन्द महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि गाय भारतीय संस्कृति का प्रतीक है और सदैव से मानव जीवन, कृषि, पर्यावरण और आध्यात्मिक आस्था की आधारशिला रही है।
उन्होंने कहा—“गौशालाएँ केवल आश्रय स्थल नहीं, बल्कि गौवंश संरक्षण का सबसे बड़ा माध्यम हैं। यदि समाज संकल्प कर ले कि गौवंश की रक्षा करनी है, तो गाय अपने आप सुरक्षित हो जाएगी।”
दोनों संतों ने कहा कि गाय हमें अपार सेवा प्रदान करती है—दूध, गोमूत्र, गोबर और कृषि में सहायक योगदान—और इसके बदले मनुष्य का कर्तव्य है कि वह गौवंश की रक्षा और देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझे।
संतों के आगमन पर उनका पादप्रक्षालन कर भव्य आरती की गई। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौशाला द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की और आगे भी गौसेवा में सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया।
नवीन गौशेड के निर्माण से गौशाला में रह रहे सैकड़ों गौवंश को बेहतर संरक्षण और सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह ने गौसेवा को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मिशन सच से जुड़ने के लिए हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप को फॉलो करें:
https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_c
इसी तरह की और रिपोर्ट पढ़ने के लिए देखें:
https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html


