More
    Homeराजस्थानअलवरग्रामीण युवाओं के लिए निःशुल्क डेयरी प्रशिक्षण का मौका, 12 दिवसीय आवासीय...

    ग्रामीण युवाओं के लिए निःशुल्क डेयरी प्रशिक्षण का मौका, 12 दिवसीय आवासीय कार्यक्रम के लिए करें आवेदन

    डेयरी प्रशिक्षण से स्वरोजगार की राह होगी आसान, पशुपालन से व्यवसाय संचालन तक दी जाएगी व्यावहारिक जानकारी

    अलवर। ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों के लिए डेयरी व्यवसाय से जुड़कर स्वरोजगार स्थापित करने का अवसर है। पीएनबी आरसेटी अलवर की ओर से 12 दिवसीय आवासीय डेयरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इच्छुक ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं प्रशिक्षण के लिए संस्थान के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।

    पीएनबी आरसेटी के निदेशक जे.पी. मीणा ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को डेयरी व्यवसाय के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डेयरी व्यवसाय से संबंधित विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी जाएगी।

    पशुओं की देखभाल से दुग्ध उत्पादन तक प्रशिक्षण

    प्रशिक्षण कार्यक्रम में पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार, दुग्ध उत्पादन, स्वच्छता और पशु प्रबंधन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही डेयरी व्यवसाय की योजना तैयार करने और सफलतापूर्वक डेयरी इकाई संचालित करने के आवश्यक पहलुओं की भी जानकारी प्रशिक्षणार्थियों को प्रदान की जाएगी।

    प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी देकर उन्हें डेयरी व्यवसाय शुरू करने और उसे व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए तैयार किया जाएगा।

    बैंक ऋण सुविधा में भी मिलेगा सहयोग

    पीएनबी आरसेटी अलवर की ओर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पात्र प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंक ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा।

    प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पात्र प्रशिक्षणार्थी डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। इससे ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने का रास्ता भी आसान होगा।

    रहना-खाना और नाश्ता रहेगा निःशुल्क

    12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के रहने, खाने, चाय और नाश्ते की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के इच्छुक युवक-युवतियों को प्रशिक्षण के लिए अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।

    संस्थान ने डेयरी व्यवसाय सीखने और स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक ग्रामीण पुरुषों एवं महिलाओं से आवेदन करने की अपील की है।

    आवेदन के लिए ये होगी योग्यता

    प्रशिक्षण कार्यक्रम में आवेदन करने वाले व्यक्ति का कम से कम आठवीं पास होना आवश्यक है। आवेदक की उम्र 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

    इसके साथ ही आवेदक अलवर, खैरथल-तिजारा या कोटपूतली-बहरोड़ जिले के किसी गांव का स्थायी निवासी होना चाहिए।

    इन वर्गों से जुड़े आवेदक प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं—

    • बीपीएल परिवार
    • मनरेगा से जुड़े परिवार
    • खाद्य सुरक्षा प्राप्त परिवार
    • स्वयं सहायता समूह से जुड़े सदस्य
    • प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी
    • प्रधानमंत्री अंत्योदय योजना के अंतर्गत आने वाले परिवार

    सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कर सकते हैं संपर्क

    प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक व्यक्ति पीएनबी आरसेटी अलवर कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम और आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 0144-2940830, 9462194801, 9660073437 और 9413908044 पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here