बच्चों ने आभार व्यक्त किया
अलवर। जिले के सर्वाधिक पिछड़े क्षेत्र में स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सीरावास तथा बावरियां की ढाणी व मिल्कपुरियों की ढाणी के विद्यालयों में बुधवार को मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक दृश्य देखने को मिला। गुरुग्राम निवासी एडवोकेट सरिता शर्मा ने शीत ऋतु से बचाव के उद्देश्य से इन विद्यालयों के समस्त विद्यार्थियों को गर्म स्वेटर भेंट किये।
इस पुनीत पहल से बच्चों के चेहरे प्रसन्नता से खिल उठे। ग्रामीण अंचल में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए यह सहयोग अत्यंत उपयोगी साबित हुआ, वहीं पूरे क्षेत्र में सेवा, करुणा और शिक्षा–प्रेम का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित हुआ। स्वेटर पाकर विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अतिथि का अभिवादन किया।
विद्यार्थियों के हित में किये गये इस निस्वार्थ एवं भामाशाही सहयोग के लिए समस्त ग्रामीणजनों तथा विद्यालय स्टाफ ने एडवोकेट सरिता शर्मा के प्रति हार्दिक आभार और कृतज्ञता व्यक्त की। शिक्षकों ने कहा कि ऐसे प्रयास ठंड के मौसम में बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई में बड़ी मदद देते हैं।
इस अवसर पर डॉ. राजेश गुर्जर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए समाज के अन्य भामाशाहों और समर्थ व्यक्तियों से भी शिक्षा एवं बालकल्याण के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही सेवा कार्य समाज की वास्तविक प्रगति की नींव रखते हैं और ग्रामीण बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराते हैं।
कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि जब संवेदनशील मन और सेवा भाव एक साथ आते हैं, तो शिक्षा के दीप और अधिक उज्ज्वल हो उठते हैं। स्थानीय जनों ने इस आयोजन को अनुकरणीय बताते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसे सहयोग जारी रखने की आवश्यकता जताई।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


