कलक्टर ने रैंक उपलब्धियों पर की सराहना
मिशनसच न्यूज, अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की फ्लैगशिप योजनाओं तथा अन्य प्रमुख कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने राज्य स्तर पर कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान में तीसरी रैंक और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत आईएचएचएल में 5वीं रैंक प्राप्त करने पर विभागीय टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धियां सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।
जिला कलक्टर ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने फ्लैगशिप योजनाओं में लक्ष्यानुसार प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 1126 कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त शेष लंबित कार्यों को यथाशीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत आईएचएचएल योजना में अब तक 3012 शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण हुए हैं। कलक्टर ने शेष कार्यों तथा सीएससी से संबंधित गतिविधियों को भी लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बजट वर्ष 2025-26 के तहत अटल ज्ञान केंद्र हेतु लंबित स्वीकृतियां जारी कराने तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा में सामने आया कि जिले में अब तक 5476 प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। जिला कलक्टर ने शेष कार्डों का भी समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की पंचायत समितिवार समीक्षा कर 26 जनवरी तक अतिरिक्त 1300 आवासों का निर्माण पूर्ण कराने एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त ग्राम योजना को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जल संचय जन भागीदारी अभियान की कार्ययोजना की समीक्षा
बैठक में जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने कहा कि यह अभियान समग्र सरकार और समग्र समाज की भावना से सतत जल प्रबंधन एवं जल प्रशासन को बढ़ावा देता है। उन्होंने निर्देश दिए कि कम्युनिटी की सहभागिता से अप्रैल तक अधिकतम वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण गुणवत्तायुक्त पूर्ण किया जाए। कार्ययोजना अनुसार जिले में कुल 23052 जल संचय संरचनाओं का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें 5300 मैजिक पिट, 584 विद्यालयों व 584 अन्य सरकारी भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग, 2120 रिचार्ज शाफ्ट, 1060 जोहड़, 10600 सोक पिट तथा एमजेएसए 2.0 के द्वितीय चरण में 2804 संरचनाएं शामिल हैं। प्रथम चरण के 3949 लक्ष्यित कार्यों में से 3690 पूर्ण होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए जनवरी अंत तक समस्त शेष कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, डीएफओ अलवर राजेंद्र हुड्डा, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता रमेश सैनी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा सहित समस्त विकास अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि निर्देशों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति को और गति प्रदान की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


