ग्राम रथ से खेड़ली सैयद में मुख्यमंत्री के वर्चुअल संवाद को सुना, लोक कलाकारों ने गीतों से किया जागरूक
अलवर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खेड़ली सैयद में शुक्रवार को संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना, जिसमें उन्होंने किसानों, महिलाओं और युवाओं से जुड़ी सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूक रहने और योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पूर्व विधायक जयराम जाटव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
योजनाओं का फीडबैक लेकर ग्रामीणों से किया संवाद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के ग्रामीणों से संवाद करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक बैठे जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण और युवाओं से संबंधित 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही ग्राम रथ के साथ सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज कर सकते हैं।
किसान और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कुसुम बी योजना, पीएम सूर्यघर योजना, मंगला पशु बीमा योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही योजनाओं का सही लाभ दिला सकती है।
लोक कलाकारों ने गीतों के माध्यम से किया प्रेरित
संध्या चौपाल के दौरान लोक कलाकार शाहरूख खान एंड पार्टी के कला जत्थों ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, एडीएम शहर बीना महावर, उपखंड अधिकारी नवज्योति कावरिया, संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा, रमेश चंद मीणा, उप निदेशक के.एल. मीणा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


