घर में घुसकर हमला, महिला की नाक काटने के आरोप में मामला दर्ज
अलवर। जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र के जैतपुर (बड़ा) गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिलाओं सहित चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार आरोपी राजकमल मीना ट्रैक्टर लेकर पीड़ित परिवार के घर पहुंचा, जहां महिलाओं के साथ उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने पिता, परिजनों और अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
शिकायत के मुताबिक शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने लाठी-डंडों, कुल्हाड़ियों, पत्थरों और अन्य हथियारों से लैस होकर घर में घुसकर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के दौरान एक महिला पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी नाक काट दी गई और उसे गंभीर चोटें पहुंचीं। दूसरी महिला तथा बुजुर्ग दंपति पर भी हमला किया गया, जिससे कुल चार लोग घायल हुए।
रिपोर्ट में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा सोने के आभूषण छीनकर ले जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी कथित रूप से वहां से फरार हो गए।
घायलों को पहले किशोरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच आरपीएस अधिकारी रश्मि जोरवाल को सौंपी गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


