राजगढ़ में बघेरे का आतंक, CCTV में कैद हुआ 16 मिनट तक चला खौफनाक संघर्ष
राजगढ़। अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे के औद्योगिक क्षेत्र स्थित शेखा की बगीची के समीप शुक्रवार रात बघेरे की दहशत से इलाके में भय का माहौल बन गया। बघेरा घर की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर घुस आया और घर में बैठे पालतू स्वान पर हमला कर दिया। इस दौरान बघेरे और स्वान के बीच करीब 16 मिनट तक संघर्ष चलता रहा, जिसका पूरा घटनाक्रम घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।

मकान मालिक विश्राम मीणा ने बताया कि रात के समय बघेरा अचानक घर में घुस आया और पालतू स्वान को दबोच लिया। संघर्ष के दौरान बघेरे ने स्वान की गर्दन अलग कर दी और उसके शरीर का हिस्सा मुंह में दबाकर जंगल की ओर चला गया। घटना के बाद परिवार के लोग सहम गए और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
विश्राम मीणा ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। करीब एक साल पहले भी बघेरे ने उनके घर के बाहर बंधे भैंस के बच्चे पर हमला किया था, हालांकि उस समय लोगों के शोर मचाने पर वह भाग गया था। इसके अलावा क्षेत्र से पहले भी दो स्वान गायब हो चुके हैं, जिन्हें बघेरा उठा ले गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी और जंगल से सटे क्षेत्र होने के कारण आए दिन जंगली जानवरों की मूवमेंट बनी रहती है। ऐसे में बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में तारबंदी करवाने और बघेरे की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने पगमार्क के आधार पर बघेरे की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


