अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका अलवर: ‘सिल्वर’ मेडलिस्ट जितेंद्र शर्मा बोले- अब लक्ष्य गोल्ड जीतना
अलवर। अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में चीन में सिल्वर मेडल जीतकर लौटे अलवर के युवा खिलाड़ी जितेंद्र शर्मा का यातायात विभाग में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह के दौरान फूल-मालाओं, तालियों और देशभक्ति के नारों के बीच खिलाड़ियों और अधिकारियों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जितेंद्र शर्मा ने सिल्वर मेडल जीतकर अलवर और देश का नाम रोशन किया। सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान से चुनिंदा खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने गए थे और भारत ने वहां बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि देश की जर्सी पहनकर विदेश में खेलना उनके लिए गर्व का पल रहा।
जितेंद्र शर्मा ने कहा कि सिल्वर मेडल जीतने के बाद अब उनका अगला लक्ष्य गोल्ड मेडल हासिल कर भारत का तिरंगा और ऊंचा लहराना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों और सभी शुभचिंतकों को दिया।
यातायात प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि यह अलवर के लिए बेहद गर्व का क्षण है। एक साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र शर्मा ने साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और जुनून के दम पर कोई भी खिलाड़ी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान समाज में नई ऊर्जा पैदा करता है और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करता है। समारोह के दौरान “भारत माता की जय” और “अलवर का गौरव” जैसे नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


