अलवर। अपनी ही पार्टी को चुनावी हार के कारणों से अवगत कराने और यूजीसी रेगुलेशन को लेकर जनता की नाराजगी खुलकर सामने रखने पर भाजपा के केशव मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़ का सवर्ण जागरूक मंच की ओर से सम्मान किया गया। मंच के सदस्यों ने 26 नवंबर को उनके निवास पर पहुंचकर उनका स्वागत किया।
युवा ब्राह्मण सभा परिवार के अध्यक्ष एवं सवर्ण नेता आकाश मिश्रा ने बताया कि यूजीसी रेगुलेशन 2026 को लेकर सामान्य वर्ग सहित सर्व समाज में नाराजगी है। समाज के एक वर्ग का मानना है कि इस तरह के प्रावधान सामाजिक समरसता के बजाय जातिगत विभाजन को बढ़ावा दे सकते हैं।
समता समिति के मुरारी पाराशर ने बताया कि हाल ही में हुए जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में भाजपा को मिली हार के बाद कई राजनीतिक नेताओं ने सोशल मीडिया पर हार के कारणों का विश्लेषण किया है। इनमें यूजीसी रेगुलेशन को भी एक प्रमुख कारण बताया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केशव मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़ ने भी सोशल मीडिया पर चुनावी हार के कारणों में यूजीसी रेगुलेशन से उपजी नाराजगी को जिम्मेदार मानते हुए अपनी बात रखी। उनकी इस निष्पक्ष और साहसिक पहल की सराहना करते हुए मंच की ओर से सम्मान किया गया।
आकाश मिश्रा ने कहा कि जितेंद्र राठौड़ का कदम वास्तविक राजनीतिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। राजनीतिक पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे पार्टी की हार-जीत का निष्पक्ष आकलन कर जमीनी हकीकत और जनता की नाराजगी से नेतृत्व को अवगत कराएं। उन्होंने अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से भी बिना किसी दबाव के अपनी बात रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुरारी पाराशर, प्रमोद शर्मा, प्रभुदयाल शर्मा, आकाश मिश्रा, सुभाष शर्मा, शुभम बजाज, बिहारी पाराशर, रामबाबू शर्मा, राजेश जोशी, राहुल शर्मा, विशाल शर्मा, राजेश सिंह सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


