More
    Homeराजस्थानखैरथलचुनाव में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, 5 कर्मचारी निलंबित

    चुनाव में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, 5 कर्मचारी निलंबित

    मतदान दलों की रवानगी में अनुपस्थित मिले कर्मचारी, वाहन व्यवस्था में लापरवाही पर निरीक्षक को चार्जशीट और तीन जोनल मजिस्ट्रेटों को नोटिस

    किशनगढ़बास/खैरथल-तिजारा। पंचायती राज चुनाव के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने सख्त कार्रवाई की है। मतदान दलों की रवानगी के समय बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित मिले पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, वाहनों की समुचित व्यवस्था नहीं करने पर मोटर वाहन निरीक्षक को राजस्थान सिविल सेवा सीसीए नियमों के तहत आरोप पत्र जारी किया गया है। निर्धारित समय पर रवानगी स्थल पर नहीं पहुंचने वाले तीन जोनल मजिस्ट्रेटों को भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

    बिना सूचना अनुपस्थित मिले पांच कर्मचारी निलंबित

    जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश के आदेश के अनुसार मतदान दलों की रवानगी के दौरान पांच कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उनके खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।

    निलंबित कर्मचारियों में सत्यवीर सिंह, व्याख्याता, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघेरीखुर्द, कोटकासिम; जितेन्द्र सिंह मीना, पंप ऑपरेटर ग्रेड-द्वितीय, जलदाय विभाग, खैरथल; नरेश, विद्यालय सहायक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोड़ियामेव, तिजारा; राजाराम यादव, कृषि पर्यवेक्षक, कृषि विभाग, किशनगढ़बास और कृष्ण कुमार स्वामी, पशुधन निरीक्षक, पशुपालन विभाग, खैरथल शामिल हैं।

    निलंबन अवधि के दौरान इन सभी कर्मचारियों का मुख्यालय जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष निर्धारित किया गया है।

    वाहन व्यवस्था में लापरवाही पर निरीक्षक को चार्जशीट

    निर्वाचन कार्य के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था नहीं करने पर मनोज कुमार सिंघल, मोटर वाहन निरीक्षक, जिला परिवहन कार्यालय भिवाड़ी के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है। उन्हें राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 के तहत आरोप पत्र जारी किया गया है।

    आदेश के अनुसार सिंघल को पंचायती राज चुनाव के लिए वाहन प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया था। इसके बावजूद मतदान दलों की रवानगी के दौरान उन्होंने अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और उदासीनता बरती। इसे राजकार्य के प्रति अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की गई है।

    तीन जोनल मजिस्ट्रेटों को कारण बताओ नोटिस

    पंचायत समिति किशनगढ़बास में जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त तीन अधिकारियों को भी निर्धारित समय पर रवानगी स्थल पर उपस्थित नहीं होने के कारण नोटिस जारी किए गए हैं।

    इनमें दीपक कुमार, सह आचार्य, राजकीय महाविद्यालय खैरथल; शक्ति सिंह, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग, किशनगढ़बास और अनिल कुमार, सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, किशनगढ़बास शामिल हैं।

    निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : अतुल प्रकाश

    जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

    उन्होंने चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here