शिविर में विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने दिलाया 750 विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत का संकल्प
किशनगढ़ बास। नशे को हराने का सबसे बड़ा हथियार है योग और ध्यान। इसी संदेश के साथ सोमवार को कोटकासिम क्षेत्र के दो बड़े स्कूलों में नशामुक्ति और सिद्ध योग ध्यान शिविर का आयोजन हुआ। नशा मुक्त भारत अभियान और रालसा जयपुर के एक्शन प्लान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में लगया गया। दोनों शिविरों में 750 विद्यार्थियों ने एक साथ ध्यान साधना कर नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने बताया जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष शैलेन्द्र व्यास के निर्देशन में यह शिविर ज्ञान सागर इंटरनेशनल स्कूल आलमपुर और ग्लोबल इंडस वैली स्कूल कोटकासिम में आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी ने विद्यार्थियों को सिद्ध योग ध्यान का प्रत्यक्ष अभ्यास करवाया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव से बचने के लिए युवा नशे की ओर चले जाते हैं, जबकि योग और ध्यान से मन और शरीर दोनों को शांति मिलती है। उन्होंने नशे से होने वाली गंभीर बीमारियों, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं तो नशे से दूर रहें ही, साथ ही अपने घर, मोहल्ले और गांव में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाएं और दूसरों को भी इस दलदल से निकालने में मदद करें। शिविर में केवल नशामुक्ति ही नहीं, बल्कि विधिक जागरूकता पर भी जोर दिया गया। नालसा की वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा योजना-2016 के तहत विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और उनके लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। उन्होंने ने नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक स्वस्थ और आध्यात्मिक रूप से उन्नत युवा ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। शिविर के अंत में सभी 750 विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को राष्ट्र और विश्व को नशामुक्त, रोगमुक्त और आध्यात्मिक रूप से उन्नत बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


