नगरपालिका चुनाव की तैयारियों पर मंथन, 25 वार्डों के दावेदारों से लिए बायोडाटा
लक्ष्मणगढ़। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर लक्ष्मणगढ़ में कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को शहर कांग्रेस की बैठक शहर अध्यक्ष छोटेलाल मास्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगरपालिका चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ प्रत्याशी चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से वार्डवार रायशुमारी की गई।
बैठक में पीसीसी प्रभारी योगेश मेहता, डीसीसी प्रभारी शिवनंदन चौधरी, इंद्र मीणा एवं क्षेत्रीय विधायक मांगेलाल मीणा ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की। इस दौरान नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं की राय जानी गई।
दावेदारों से लिए गए बायोडाटा
रायशुमारी के दौरान पार्षद पद के लिए टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के बायोडाटा भी एकत्रित किए गए। पार्टी स्तर पर वार्डवार संभावित प्रत्याशियों के नामों और उनकी स्थानीय स्थिति को लेकर फीडबैक लिया गया।
बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि प्रत्याशी चयन में कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया जाएगा और पार्टी स्तर पर विचार-विमर्श के बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
मजबूती से चुनाव लड़ने का आह्वान
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आगामी नगरपालिका चुनाव मजबूती के साथ लड़ने तथा अधिक से अधिक कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।
वक्ताओं ने कहा कि पार्टी की ओर से जिसे भी वार्ड का प्रत्याशी घोषित किया जाएगा, सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर उसके समर्थन में पूरी ताकत से जुटें। चुनाव में संगठन की एकजुटता को कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताया गया।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
बैठक में आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने वार्ड में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने और आमजन से संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगरपालिका चुनाव में पार्टी को मजबूत स्थिति में लाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। वार्ड स्तर पर स्थानीय मुद्दों और जनता से जुड़े विषयों को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नवीन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


