More
    Homeराजस्थानअलवरजनजाति गरिमा उत्सव के तहत विशेष अभियान का आगाज, गांव-गांव पहुंचेंगी सरकारी...

    जनजाति गरिमा उत्सव के तहत विशेष अभियान का आगाज, गांव-गांव पहुंचेंगी सरकारी सुविधाएं

    जनजाति क्षेत्रों में ‘जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले’ अभियान शुरू, शिविरों में होंगे आमजन के जरूरी काम

    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले में जनजाति गरिमा उत्सव के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले’ अभियान का जिला स्तर पर शुभारम्भ किया। यह अभियान 25 मई तक संचालित होगा, जिसके तहत जनजातीय क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जनजाति अभियान का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि अलवर जिले की 7 पंचायत समितियों—राजगढ़, रैणी, लक्ष्मणगढ़, कठूमर, रामगढ़, मालाखेड़ा एवं थानागाजी के चयनित 142 गांवों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त खैरथल-तिजारा जिले की मुण्डावर पंचायत समिति के एक गांव तथा कोटपूतली-बहरोड़ जिले की नीमराणा पंचायत समिति के 12 गांवों को भी अभियान में शामिल किया गया है।

    जनजाति अभियान के तहत आयोजित शिविरों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान कार्ड, जनधन खाता, बीमा योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, पीएम विश्वकर्मा, मुद्रा ऋण सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही सिकल सेल बीमारी एवं अन्य स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।

    उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। साथ ही आदि सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।

    19 मई को इन स्थानों पर लगेंगे शिविर

    19 मई को पंचायत समिति रैणी, राजगढ़, थानागाजी, कठूमर, लक्ष्मणगढ़, मालाखेड़ा एवं रामगढ़ क्षेत्र के चयनित गांवों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें बरैर, टहटड़ा, उकेरी, बूचपुरी, पालपुर, रतनपुर, मेजोड, सांवतसर, सदुका नंगला, गुण्डवास, हाजीपुर, टोडानागर, अचलपुरी, खेडला, अग्यारा एवं पीपली का बास सहित विभिन्न गांव शामिल हैं।

    20 मई को यहां आयोजित होंगे शिविर

    20 मई को पंचायत समिति रैणी, राजगढ़, थानागाजी, कठूमर, लक्ष्मणगढ़ एवं रामगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों—परबैणी, भूलेरी, ओडपुर, जामडोली, खरखड़ा, डाबला मीना, सुरेर, भजेडा, गोपालपुरा, क्यारा, भनोखर, मान्या का बास, खोहरा मलावली, रसूलपुर एवं नयाबास में शिविर लगाए जाएंगे।

    प्रशासन ने जनजातीय क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here