सीपीएम का जयपुर कलेक्ट्रेट पर विरोध, महंगाई और पानी संकट को लेकर सरकार घिरी
जयपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जयपुर जिला कमेटी ने केंद्र और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट जयपुर पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत, ई-मित्र केंद्रों पर भ्रष्टाचार और जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल संकट को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम जयपुर जिला सचिव डॉ. संजय माधव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे मजदूर, किसान, छात्र और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी के बावजूद तेल कंपनियां भारी मुनाफा कमा रही हैं, लेकिन इसका लाभ जनता को नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की बजाय निजी कंपनियों और पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
प्रदर्शन के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने दावा किया कि बाजार में गैस सिलेंडर ब्लैक में तीन हजार से पांच-छह हजार रुपये तक में बिक रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने ई-मित्र केंद्रों पर कथित लूट और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों की मिलीभगत से आमजन से अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। साथ ही जयपुर, चौमू और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को गंभीर बताते हुए स्थायी समाधान की मांग की गई।
सीपीएम नेताओं ने आरोप लगाया कि पानी के संकट का फायदा उठाकर टैंकर माफिया लोगों से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कच्ची बस्तियों, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक क्षेत्रों में हालात ज्यादा खराब हैं।
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के बाद डॉ. संजय माधव ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है और आने वाले दिनों में जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान और विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

