जनसुनवाई में समाधान को लेकर महंत बालकनाथ योगी ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण
तिजारा। विधायक महंत बालकनाथ योगी ने सोमवार को भिवाड़ी, टपूकड़ा और तिजारा क्षेत्र में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पानी, बिजली, सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। महंत बालकनाथ योगी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जलभराव समस्या के समाधान के लिए हो रहे प्रयास
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि भिवाड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं इस समस्या को लेकर चिंतित हैं और इसके निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भिवाड़ी क्षेत्र में 34 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए हरियाणा सरकार के साथ भी समन्वय और वार्ता की जा रही है।
दशकों पुरानी समस्या के समाधान में लगेगा समय
विधायक ने कहा कि यह दशकों पुरानी समस्या है, इसलिए इसके स्थायी समाधान में कुछ समय अवश्य लग रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री, सांसद और वे स्वयं स्थानीय जनता की समस्याओं से पूरी तरह अवगत हैं तथा हरसंभव समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं से स्थायी राहत दिलाना है, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
आमजन की समस्याओं के प्रति सरकार गंभीर
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में नियमित रूप से जनसंपर्क और जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भिवाड़ी, टपूकड़ा और तिजारा सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में आमजन की समस्याओं को भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सीधे प्राप्त शिकायतों के माध्यम से गंभीरता से सुना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा, सुरक्षा, उद्योग और सौंदर्यीकरण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा सरकार के कार्यकाल में अनेक विकास कार्य हुए हैं तथा कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूर्ण होने की स्थिति में हैं, जिनका लाभ शीघ्र ही क्षेत्र की जनता को मिलेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


