More
    Homeजनसेवा के पुरोधाओं का होगा गौरव सम्मान

    जनसेवा के पुरोधाओं का होगा गौरव सम्मान


    सेवानिवृत्त कर्मयोगियों को ‘जन सेवा गौरव सम्मान’ से किया जाएगा अलंकृत

    अलवर। समाज में निस्वार्थ सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को सम्मानित करने की दिशा में श्रीमती नारायणी देवी मनोहर लाल छाबड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट ने जिले के वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त लोकसेवकों के सम्मान का निर्णय लिया है। ट्रस्ट द्वारा आयोजित विशेष समारोह में उन व्यक्तित्वों को ‘जन सेवा गौरव सम्मान’ प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने अपने सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनसाधारण की सेवा की तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजहित में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

    ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी एवं समाजसेवी डॉ. अमित छाबड़ा ने बताया कि उनके माता-पिता शिक्षा विभाग में राजकीय सेवा से जुड़े रहे हैं। उनसे प्राप्त सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा से ट्रस्ट ने ऐसे कर्मयोगी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है, जिन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राष्ट्र और समाज की सेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से नई ऊर्जा और सृजन की शुरुआत है। ऐसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है।

    उन्होंने बताया कि समारोह में केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, बैंकिंग क्षेत्र, रेलवे, सार्वजनिक उपक्रमों तथा अन्य संस्थानों से सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता जैसे मूल्यों से परिचित कराना भी है।

    ट्रस्ट के ट्रस्टी अनुराग छाबड़ा ने पुरुषार्थी समाज के सभी सेवानिवृत्त लोकसेवकों से आयोजन में सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने मित्रों एवं परिजनों सहित कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।

    उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह में शामिल होने के इच्छुक सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी 20 जून 2026 तक अपना नाम, पदनाम, विभाग, सेवानिवृत्ति वर्ष एवं मोबाइल नंबर 94143 17743 पर भेजकर पंजीकरण करा सकते हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here