भक्ति के रंग में रंगा अलवर, 11 आकर्षक झांकियों के साथ निकली कलश यात्रा; महिला, पुरुष और युवाओं ने लिया हिस्सा
अलवर। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को अलवर शहर में यादव समाज की ओर से भव्य झांकी एवं कलश यात्रा निकाली गई। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। झांकी के दौरान पूरे शहर में श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय नजर आया।
राधा-कृष्ण मंदिर से निकली भव्य झांकी
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से हुई। यहां से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित 11 आकर्षक झांकियां निकाली गईं। झांकियों में श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों और लीलाओं को सुंदर एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया।
इसके साथ ही महिलाओं की ओर से कलश यात्रा भी निकाली गई। पारंपरिक धार्मिक माहौल के बीच निकली कलश यात्रा आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।
प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी यात्रा
कार्यक्रम की प्रवक्ता पंकज यादव ने बताया कि झांकी पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से रवाना हुई। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए होप सर्कस, घंटाघर और चर्च रोड सहित विभिन्न मार्गों से गुजरी।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने झांकी का स्वागत किया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोग झांकी देखने के लिए मार्गों के आसपास मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर यादव समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिला, पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। झांकियों में श्रीकृष्ण की लीलाओं के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था के भाव प्रकट किए।
झांकी यात्रा वापस पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ आयोजन का समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


