खैरथल अस्पताल में जन औषधि केंद्र शुरू, जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
खैरथल-तिजारा। आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने गुरुवार को खैरथल स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल परिसर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को ब्रांडेड दवाइयों के समान गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि जन औषधि केंद्र पर लगभग 1050 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं, जो बाजार मूल्य की तुलना में 30 से 90 प्रतिशत तक कम दरों पर मिलती हैं। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
अस्पताल व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उद्घाटन के बाद जिला कलेक्टर ने सेटेलाइट हॉस्पिटल के विभिन्न वार्डों और चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, वार्डों में उपयोग होने वाली चादरों को नियमित रूप से बदलने तथा मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही चिकित्सा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साप्ताहिक कार्य योजना तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
140 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध
निरीक्षण के दौरान पीएमओ डॉ. नितिन शर्मा ने जिला कलेक्टर को बताया कि सेटेलाइट हॉस्पिटल में जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है और वर्तमान में यहां 140 प्रकार की विभिन्न जांचें उपलब्ध हैं। इनमें विटामिन जांच, हार्मोन प्रोफाइल, कैंसर एवं ट्यूमर संबंधी परीक्षण सहित कई महत्वपूर्ण जांचें स्थानीय स्तर पर ही की जा रही हैं, जिससे मरीजों को दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जिला कलेक्टर ने कराया रूटीन हेल्थ चेकअप
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष अनुभव लेने के लिए जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने अस्पताल में अपना नियमित स्वास्थ्य परीक्षण (रूटीन हेल्थ चेकअप) भी कराया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रूपेश, पीएमओ डॉ. नितिन शर्मा, अन्य चिकित्सक एवं अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


