ऑपरेशन प्रवर्तन में बड़ी कार्रवाई: 35 सिलेंडर जब्त, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त
जयपुर राजस्थान सरकार एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार जयपुर शहर में घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में गठित विशेष प्रवर्तन दल ने पुलिस थाना सांगानेर सदर से प्राप्त सूचना के आधार पर गोविंदपुरा (बक्षावाला), शिकारपुरा रोड क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल ने मौके से कुल 35 अवैध घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यहां बिना किसी सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि इस प्रकार के अवैध रिफिलिंग केंद्र शहर में होने वाली दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं। बिना सुरक्षा व्यवस्था के संचालित ये केंद्र आमजन के जीवन और संपत्ति के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं।
इस मामले में संलिप्त दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाना सांगानेर सदर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कार्यों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी जैसी गतिविधियां दिखाई दें, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

