More
    Homeराजस्थानजयपुरजयपुर सीवरेज हादसे में दो सफाई कर्मियों की मौत पर भारतीय कम्युनिस्ट...

    जयपुर सीवरेज हादसे में दो सफाई कर्मियों की मौत पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी(M) का फूटा गुस्सा

    सीवरेज हादसे को लेकर 50 लाख मुआवजा, सरकारी नौकरी और निष्पक्ष जांच की उठी मांग

    जयपुर। झोटवाड़ा इलाके में सीवरेज की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने के कारण दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (Marxist) की जिला कमेटी ने गहरा दुःख और आक्रोश व्यक्त किया है। पार्टी ने इस घटना को बेहद दर्दनाक और चिंताजनक बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    सीपीआई(एम) के जिला सचिव डॉ. संजय “माधव” ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस घटना से समाज और मेहनतकश वर्ग में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी विकास के इस दौर में भी सफाई कर्मियों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के सीवरेज में उतरने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो बेहद गंभीर लापरवाही है।

    उन्होंने कहा कि हर साल सैकड़ों सफाई कर्मी इस तरह की दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय निकाय इस दिशा में ठोस कदम उठाने में विफल रहते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद अक्सर मामलों को दबाने की कोशिश की जाती है और जिम्मेदारी तय नहीं होती।

    पार्टी ने इस घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई गई है।

    सीपीआई(एम) ने राज्य सरकार से यह भी मांग की है कि भविष्य में सीवरेज और अन्य खतरनाक स्थानों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनों और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

    पार्टी ने अपनी प्रमुख मांगों में मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी, सफाई कार्य में मशीनों का अनिवार्य उपयोग, नगर निगमों में रिक्त पदों को भरने तथा अस्थायी कर्मचारियों को न्यूनतम 26,000 रुपये वेतन के साथ सामाजिक सुरक्षा देने की मांग शामिल की है।

    सीपीआई(एम) ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो जयपुर ही नहीं, पूरे राजस्थान में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासन की होगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here