निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर, 30 जून तक फीडर का कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को बजट घोषणा के तहत स्वीकृत नटनी का बारा से जयसमंद बांध फीडर के उन्नयन कार्य एवं प्रताप बंध एनिकट के प्रगतिरत निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप तय समय सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अहमदपुर पुलिया के पास नटनी का बारा से जयसमंद बांध फीडर के पिचिंग, पॉइंटिंग, साफ-सफाई एवं लेवलिंग कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से 12 किलोमीटर लंबे फीडर के उन्नयन कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि फीडर की साफ-सफाई के दौरान जल निकासी में किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं रहना चाहिए। साथ ही लेवलिंग, पिचिंग एवं अन्य निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। जिला कलक्टर ने नटनी का बारा क्षेत्र में शेष 3 किलोमीटर कार्य को 30 जून तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने प्रताप बंध एनिकट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एनिकट का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण पाया गया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान एनिकट में पानी के प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। निर्माण कार्य इस प्रकार किया जाए कि अधिकतम वर्षा जल का संचयन संभव हो सके और जल संरक्षण के उद्देश्य को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए छाया, शीतल पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता शेरसिंह वर्मा, नगर निगम की कनिष्ठ अभियंता कृति विजय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


