जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में बैठक, अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
मिशनसच न्यूज, अलवर। जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर नियमानुसार अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में जिला परिषद के एसएफसी की पूरक वार्षिक कार्य योजना 2025-26, ग्राम पंचायत उजोली में प्रधानमंत्री अन्न भण्डारण योजना हेतु भूमि आवंटन, कॉमन सर्विस सेंटर लक्ष्मणगढ़ के लिए भूमि आवंटन, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय रायबका हेतु पट्टा आवंटन तथा राजकीय देवनारायण छात्रावास उमरैण के पट्टा आवंटन जैसे प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही विगत बैठक की कार्यवाही विवरण का भी अनुमोदन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख छिल्लर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं अवगत कराई गई समस्याओं पर संवेदनशीलता से नियमानुसार कार्यवाही करें तथा प्रत्येक प्रकरण का निश्चित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करें, ताकि आमजन को इनका लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।
जिला प्रमुख ने विद्युत विभाग के कार्यों की प्रगति की बिंदुवार जानकारी ली और अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों एवं आमजन की परिवेदनाओं से जुड़े विद्युत संबंधी कार्यों को प्राथमिकता से यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यथासंभव दिन के समय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। वहीं जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांवों में क्षतिग्रस्त सड़कों को विभागीय समन्वय से शीघ्र दुरुस्त कराया जाए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को देहमी पुल पर गैर मापदण्डानुसार निर्मित रैम्प को हटाने तथा ब्लॉक स्तर पर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत हेतु समिति गठित करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि राज्य सरकार को भिजवाए गए क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों की मरम्मत एवं नव निर्माण प्रस्तावों की सूची पंचायत समितियों को उपलब्ध करवाई जाए।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा गांवों में डॉग बाइट की घटनाओं पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। वहीं डीएसओ को एनएफएसए योजना में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धजनों का शत-प्रतिशत वार्षिक सत्यापन शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्रीय समस्याएं और सुझाव
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं एवं विकास से जुड़े सुझाव भी प्रस्तुत किए। खूटेटा कलां जीएसएस की भूमि से अतिक्रमण हटाने, आयुष्मान कार्ड वितरण में तेजी लाने, रामगढ़ में वेटरनरी चिकित्सक की नियुक्ति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए।
इसके अतिरिक्त किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने, जेजेएम योजना में हैंडओवर प्रक्रिया व गाइडलाइन की वस्तु स्थिति से अवगत कराने, आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कराने तथा चिकित्सा संस्थानों में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति कराने के सुझाव दिए गए।
जिला परिषद सदस्यों ने मुण्डावर कस्बे के आसपास पानी की समस्या के समाधान, सिलीसेढ़ रोड निर्माण, टोडा से भनौखर रोड, बेराबास रोड निर्माण, कृषि योजनाओं में सब्सिडी भुगतान, खेडी गांव में स्कूल भवन निर्माण, केटलशेड योजना के भुगतान, खानपुर मेवान में पेयजल लाइन की रिपेयरिंग तथा तूलेड़ा में सिंगल फेस बोरिंग कनेक्शन जैसी समस्याओं से भी अवगत कराया।
समयबद्ध कार्यवाही का भरोसा
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रवीन्द्र ने जिला प्रमुख को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की पालना नियमानुसार समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से कार्यवाही कर संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए जाएंगे।
बैठक में जिला परिषद के सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, डीएफओ अलवर राजेन्द्र हुड्डा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी, जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता आर.एस. बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक महेश मेहता, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा सहित प्रधान एवं जिला परिषद सदस्य, विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर सकारात्मक वातावरण रहा। जिला प्रमुख ने स्पष्ट किया कि जिले के समग्र विकास और आमजन को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


